जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशन में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इला तिवारी द्वारा समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रीमती तिवारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर 50 और 100 दिनों से लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, संतोषजनक एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
सीईओ ने कलेक्टर–कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के पालन प्रतिवेदन के संदर्भ में सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप ठोस प्रगति करने और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से परिणामोन्मुखी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व विभाग को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं फॉर्मर रजिस्ट्री से संबंधित प्रकरणों में तेजी और पारदर्शिता लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के प्रभावी निष्पादन से भोपाल जिले की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।
सीईओ जिला पंचायत ने पीएम धरती आबा योजना के अंतर्गत ग्राम भानपुर केकड़िया में आयुष्मान कार्ड निर्माण हेतु विशेष कैंप आयोजित कर 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एडीएम सुमित पांडे, अंकुर मेश्राम, प्रकाश नायक सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
