अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख साहब ने बिहार और बंगाल में सत्ता परिवर्तन को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर करीब 14 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं, जिनमें विशेष रूप से मुस्लिम समाज के लोगों को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के लिए चुनाव आयोग के साथ सुप्रीम कोर्ट की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
डॉ. शेख ने कहा कि यदि एसआईआर की प्रक्रिया को गंभीरता से समझा गया होता, तो प्रभावित मतदाताओं को अगली बार वोट डालने की सलाह देने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक, जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनने और निष्पक्ष जांच कराने के बजाय उन्हें परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब सत्ता जनसमर्थन से हासिल करने के बजाय हथियाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वंचित समाज इंसाफ पार्टी की मांग है कि बिहार और बंगाल के चुनाव रद्द कराकर दोबारा चुनाव कराए जाएं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए बीएलओ की मौतों के मामले में भी जवाबदेही तय करने और जांच कराने की बात कही। साथ ही उन्होंने चुनाव से पहले कथित तौर पर गायब 19 लाख ईवीएम के बारे में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
डॉ. शेख ने आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के प्रभाव में काम कर रहा है। उन्होंने 2014 के बाद ज्ञानेश कुमार को केंद्र सरकार से मिले कथित लाभों की भी जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी और पिछड़े, अति पिछड़े तथा मुस्लिम समुदाय की परेशानियों जैसे मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनके अनुसार, धर्म, मंदिर-मस्जिद, तीन तलाक और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान बुनियादी समस्याओं से भटकाया गया है।
अंत में डॉ. शेख ने देशवासियों से आपसी भाईचारा मजबूत करने और मिलकर देश को विकास की ऊंचाइयों तक ले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की और सामाजिक सौहार्द के लिए सभी धर्मों के लोगों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

