मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

10 से 18 जनवरी 2026 तक जुन्नारदेव विधानसभा के तामिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत अनहोनी में आयोजित होने वाले अनहोनी मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में अनहोनी मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर नारायण ने विभागवार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था और साफ-सफाई के संबंध में सीईओ जनपद पंचायत तामिया को आवश्यक निर्देश दिए, वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस विभाग को ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मेला परिसर एवं आसपास पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को रात्रि में अलाव की व्यवस्था करने और सुरक्षा की दृष्टि से फॉरेस्ट गार्ड की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा कारणों से रास्तों में झूल रहे तारों को हटाने के निर्देश दिए गए।
मेले के दौरान मेडिकल टीम की तैनाती रहेगी और आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने शौचालयों की समुचित, स्वच्छ एवं सतत व्यवस्था बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में लोगों को खुले में शौच के लिए विवश न होना पड़े। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 13, 14 और 15 जनवरी को मेले में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को इन तिथियों में अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक भीड़ के बावजूद मेले की व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
कलेक्टर नारायण ने कहा कि अनहोनी मेला आस्था, परंपरा और क्षेत्रीय संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा का अनहोनी मेला मकर संक्रांति के अवसर पर लगने वाला प्रमुख धार्मिक मेला है। यह मेला अपने प्राकृतिक गर्म पानी के कुंड (गरम कुंड) के लिए प्रसिद्ध है, जहाँ श्रद्धालु आस्था के साथ स्नान करते हैं।
मान्यता है कि इस कुंड में स्नान करने से त्वचा रोगों में लाभ मिलता है और मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। यह कुंड भौगोलिक कारणों से चौबीसों घंटे गर्म पानी से भरा रहता है, जिसमें किसी बाहरी व्यवस्था की आवश्यकता नहीं पड़ती—इसी कारण इसे ‘अनहोनी’ अर्थात असंभव कहा जाता है।

