इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने पेंडिंग और रिजेक्ट प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए और निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि गुना जिले में परंपरागत खेती से आगे बढ़कर किसानों का रुझान उद्यानिकी की ओर बढ़ रहा है, जो विकसित भारत 2047 की थीम के अनुरूप एक प्रभावी मॉडल बन रहा है।
कलेक्टर ने बैंकर्स से आग्रह किया कि वे ऋण योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करें और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जिले के समग्र विकास में योगदान दें।
बैठक में उप संचालक उद्यान के.पी.एस. किरार, एलडीएम अजय पाल सहित सभी बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

