ओम प्रकाश सोनी, ब्यूरो चीफ, अनूपपुर (मप्र), NIT:

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जिले में भारी वाहनों को नो-एंट्री अवधि में रात्रि 10 बजे मिलने वाली छूट को अग्रिम आदेश तक प्रतिबंधित कर दिया गया है।
गणेश विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सभी प्रकार के अनुमति प्राप्त भारी वाहनों की अनुमति भी निरस्त कर दी गई है। इस अवधि में भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
हालांकि, अति आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं से संबंधित वाहनों के संबंध में आवश्यकता और परिस्थितियों को देखते हुए अलग से निर्णय लिया जाएगा।
यातायात पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

