संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) श्रीमती विदिता डागर (भापुसे) के मार्गदर्शन में महिला थाना पड़ाव परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत गत वर्ष परामर्श के माध्यम से पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों को सुलझाकर उनके दांपत्य जीवन में पुनः खुशहाली लाने के सफल प्रयासों को “उत्सव” के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम में डीएसपी महिला सुरक्षा श्रीमती शिखा सोनी, महिला थाना प्रभारी रश्मि भदौरिया, यूथ संगठन ग्वालियर के अध्यक्ष श्री संजय कठ्ठल, परामर्श केंद्र के काउंसलर तथा महिला थाना स्टाफ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उन 08 दंपतियों को आमंत्रित किया गया, जो कभी अलगाव की स्थिति तक पहुँच चुके थे, लेकिन परामर्श एवं काउंसलिंग के माध्यम से पुनः एक साथ आए और अपने वैवाहिक जीवन को नई शुरुआत देने का निर्णय लिया। सभी दंपतियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उपहार भेंट किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) श्रीमती विदिता डागर ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सामंजस्य, पारिवारिक एकजुटता और सौहार्द बनाए रखने के लिए भी सदैव तत्पर रहती है। परामर्श केंद्र के माध्यम से अनेक परिवार टूटने से बचे हैं, जो समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।
परामर्श केंद्र में 01 जनवरी 2025 से 30 नवंबर 2025 तक कुल 1647 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 850 मामलों में समझौता कराया गया, 339 मामले न्यायालय कार्यवाही हेतु भेजे गए, 409 मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई, 39 मामलों में स्वेच्छा से अलगाव कराया गया तथा शेष 51 मामलों में परामर्श जारी है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से उपस्थित दंपतियों में आत्मविश्वास और उत्साह देखने को मिला। उन्होंने परामर्श केंद्र के कार्य की सराहना करते हुए ग्वालियर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
