अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़या मुख्य चौराहे पर स्थित एक प्राइवेट कंपनी के एटीएम मशीन को सोमवार रात अज्ञात चोरों ने तोड़कर उसके पुर्जे तितर-बितर कर दिए। फिलहाल तहरीर न मिलने के कारण मशीन में रखी नकदी का ब्यौरा उपलब्ध नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, बढ़या गांव निवासी रामदास पुत्र स्वर्गीय पाटेश्वरी के एक कमरे को कई वर्षों से प्राइवेट कंपनी इंडिया वन किराये पर लेकर एटीएम मशीन का संचालन कर रही थी, जो 24 घंटे खुली रहती थी।
22 दिसंबर 2025 की रात अज्ञात चोरों ने एटीएम को निशाना बनाया। कमरे के बाहर लगा कांच का शीशा तोड़ दिया गया और अंदर रखी एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर उसके पुर्जे बिखेर दिए गए। इसके बाद चोर हाफ शटर गिराकर फरार हो गए।
मंगलवार की सुबह जब आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो एटीएम मशीन के बिखरे पड़े पुर्जे देखकर दंग रह गए। घटना की सूचना तुरंत मिश्रौलिया थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच-पड़ताल शुरू की।
चौराहे के व्यापारियों का कहना है कि इस घटना ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चौराहे से करीब सौ मीटर की दूरी पर भारतीय स्टेट बैंक शाखा बढ़या का एटीएम स्थित है, जहां नियमित रूप से पुलिस गश्त होती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना हो जाना चिंताजनक है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ इटवा पवीन प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर तथा एसओजी टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच की।
प्रभारी निरीक्षक थाना मिश्रौलिया राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि एटीएम मशीन संचालक को सूचना दे दी गई है। संचालक के आने और तहरीर मिलने के बाद ही मशीन में रखी गई धनराशि का सही आंकलन किया जा सकेगा।

