अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा मधुबनी में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के लिए जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जिला स्तरीय युवा महोत्सव से चयनित कुल 31 युवा कलाकारों को हरी झंडी दिखाकर मधुबनी के लिए रवाना किया।

इन प्रतिभागियों में कविता, कहानी लेखन, वक्तृता, समूह लोकगायन, समूह लोकनृत्य एवं चित्रकला विधा में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले युवा कलाकार शामिल हैं।

गौरतलब है कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव मधुबनी जिले में 24 एवं 25 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। भागलपुर से प्रस्थान करने वाले ये युवा कलाकार प्रतियोगिता में सहभागिता के उपरांत 26 जुलाई को पुनः भागलपुर लौटेंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागी भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सभी युवा भागलपुर का प्रतिनिधित्व करने मधुबनी जा रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इन कलाकारों की अगली प्रस्तुति राष्ट्रीय स्तर पर होगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अंग संस्कृति की लोक गाथा को चारों ओर फैलाएं और मधुबनी में भागलपुर का परचम लहराकर लौटें।
वहीं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि राज्य स्तर पर अपनी शिष्टाचार, अंगिका संस्कृति, संस्कार और कला का प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित युवा उत्सव में भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन, किलकारी के प्रमंडलीय कार्यक्रम समन्वयक सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
