मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र से आए डॉ. एन.पी. गुप्ता ने किसानों को तकनीकी एवं आधुनिक खेती के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वहीं एआर को-ऑपरेटिव ने जनपद में यूरिया की उपलब्धता के बारे में बताया और कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
किसानों ने बैठक में बताया कि मकसूदापुर चीनी मिल द्वारा गन्ने का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि यदि 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत किसानों का गन्ना भुगतान नहीं हुआ, तो संबंधित चीनी मिल का संचालन रोक दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी चीनी मिलों में किसानों के लिए अलाव एवं रैन-बसेरा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों से अपील की कि चीनी मिल के गेट पर लगाए जा रहे निशुल्क रिफ्लेक्टर अपने वाहनों पर अवश्य लगाएं।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि गन्ना भरी ट्रॉलियों के पीछे लाल कपड़ा अवश्य बांधा जाए तथा रिफ्लेक्टर भी लगाया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। अंत में जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

