NH-727 पर बिना अनुमति नाला निर्माण: नगर पंचायत खीरी की मनमानी से व्यापारी और आमजन परेशान | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

खीरी कस्बे के मुख्य मार्ग NH-727 पर नगर पंचायत खीरी द्वारा कराया जा रहा नाला निर्माण स्थानीय दुकानदारों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है। अचानक शुरू की गई तोड़-फोड़ और अव्यवस्थित निर्माण कार्य से व्यापारियों में तीखा रोष है। दुकानदारों का कहना है कि नगर पंचायत ने बिना किसी पूर्व सूचना के दुकानों के सामने खुदाई शुरू कर दी, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को आने-जाने में कठिनाइयाँ हो रही हैं।

जाम से जनता बेहाल
मुख्य सड़क पर लगातार हो रही खुदाई ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह और शाम जाम की स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है। दुकानदार ही नहीं, आम राहगीर भी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।

PWD की NOC के बिना निर्माण! नगर पंचायत की मनमानी उजागर
सूत्रों के अनुसार नगर पंचायत खीरी PWD विभाग से बिना NOC लिए NH-727 पर नाला निर्माण करा रही है। PWD विभाग पहले ही नगर पंचायत को पत्र जारी कर चेतावनी दे चुका है कि NH-727 पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण न किया जाए।

इसी पत्र के जवाब में ईओ विनीत कुमार ने लिखकर भेजा था कि नगर पंचायत बिना NOC के कोई निर्माण नहीं करेगी—लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है।

बुद्धिजीवियों का सवाल: जब मार्ग हाईवे बनने वाला है, तो करोड़ों का नाला क्यों?

स्थानीय जागरूक नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही चौड़ीकरण के लिए चिन्हित है और NH-727 के रूप में इसका टेंडर भी जारी हो चुका है। आने वाले समय में चौड़ीकरण होने पर यही नाला तोड़ना पड़ेगा, जिससे सरकारी धन की बर्बादी तय है।

लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत जल्दबाजी और कथित कमीशनखोरी में जनता की समस्याओं और नियमों की पूरी तरह अनदेखी कर रही है।

दुकानदारों की मांग
दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि—

NH-727 पर चल रहा निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए,

बिना NOC किए जा रहे निर्माण की जांच हो,

व्यापारियों से चर्चा कर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए।

नगर पंचायत की अव्यवस्था और जल्दबाजी ने व्यापारियों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर दिया है और मुख्य सड़क को अव्यवस्था और खतरे में डाल दिया है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.