पूरे प्रदेश के 403 विधायकों को 12 दिसंबर को ज्ञापन सौंपेगा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन: डॉ. बलराम त्रिपाठी | New India Times

अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के निर्देश पर आगामी 12 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधायकों तथा 30 दिसंबर को प्रदेश के सभी 80 सांसदों को पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उक्त जानकारी ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बस्ती मंडल अध्यक्ष डॉ. बलराम त्रिपाठी ने दी। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने संघर्ष के तीसरे चरण के तहत निर्णय लिया है कि 12 दिसंबर (शुक्रवार) को सभी विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों को तथा 30 दिसंबर (मंगलवार) को सभी लोकसभा सांसदों को उनके आवास पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह संगठन प्रदेश के तहसील, ब्लॉक, जिला एवं कस्बों में कार्यरत पत्रकारों का सबसे अधिक सदस्य संख्या वाला सक्रिय एवं पंजीकृत संगठन है। ग्रामीण पत्रकार सरकार की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करते हैं।

उत्तर प्रदेश के अलावा देश के कई अन्य राज्यों में भी यह संगठन सक्रिय भूमिका निभा रहा है। प्रदेश के सभी जनपदों में शासन द्वारा गठित जिला स्तरीय स्थायी समितियों में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पत्रकारों की समस्याएँ निरंतर उठाकर उनका समाधान भी करा रहे हैं। इसके अलावा संगठन ने पत्रकारों का सामूहिक बीमा, जीवन सुरक्षा तथा उपचार हेतु हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराकर सम्मान दिलाने का कार्य किया है।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर 12 नवंबर को पत्रकार समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पहले ही दिया जा चुका है। अब 12 दिसंबर को विधायकों और 30 दिसंबर को सांसदों को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा।

मंडल अध्यक्ष ने बस्ती मंडल के जनपद बस्ती, सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर के जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि दोनों तिथियों के कार्यक्रमों के लिए समय से तैयारी सुनिश्चित करें, सदस्यता अभियान पूर्ण कराएं तथा तहसील इकाइयों का गठन कर लें।

उन्होंने कहा कि तीनों जनपदों में संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला और तहसील स्तर की बैठकें नियमित रूप से आयोजित हों तथा तहसील इकाइयों को अधिक सक्रिय और गतिशील बनाया जाए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article