पुलिस चेकिंग में पकड़ा गया 'फर्जी दरोगा', डेढ़ साल से वर्दी पहनकर झाड़ रहा था रौब | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

थाना खुटार क्षेत्र में पिछले डेढ़ वर्ष से किराए के मकान में रहकर नकली दरोगा बनकर रौब झाड़ने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मथुरा का निवासी है और उसने खुद को सब-इंस्पेक्टर का बेटा बताया है।

घटना का विवरण:
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार रावत, वरिष्ठ उप निरीक्षक सुभाष चंद्र और उप निरीक्षक अनुज चौधरी अपनी पुलिस टीम के साथ पूरनपुर रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक कार (UP 85 BY 4492) को रोककर चेक किया गया। कार में एक व्यक्ति बैठा हुआ था, लेकिन गाड़ी में पीछे पुलिस उप निरीक्षक (दरोगा) की वर्दी टंगी हुई थी और आगे पुलिस की कैप रखी थी।

संदेह होने पर पुलिस ने उस व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ की। उसने अपना नाम गौरव शर्मा (30 वर्ष), पुत्र राकेश शर्मा निवासी ई-33, जनकपुरी, महोली रोड, मथुरा (थाना कृष्णा नगर) बताया।

आरोपी का कबूलनामा:
पूछताछ में गौरव शर्मा ने बताया कि उसके पिता पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं। वह खुटार में संजय त्रिपाठी के मकान में पिछले डेढ़ साल से किराए पर रह रहा है। उसने कबूला कि वह जनता में रौब दिखाने, टोल टैक्स से बचने और अपने शौक को पूरा करने के लिए कभी-कभी दरोगा की वर्दी पहन लेता था।

अधिकारी का बयान:
क्षेत्राधिकारी (CO) ने बताया कि थाना खुटार पुलिस कल रात पूरनपुर रोड की तरफ चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक गाड़ी को पकड़ा गया जिस पर ‘पुलिस’ लिखा था और अंदर वर्दी टंगी थी। जांच में पता चला कि वह व्यक्ति दरोगा नहीं है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.