शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

समायोजित शिक्षक/शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर शुक्रवार को शिक्षामित्रों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम प्रदेश उपाध्यक्ष अफजल अहमद की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षामित्रों ने प्रमुख रूप से चार सूत्रीय मांगें उठाईं। इनमें शिक्षामित्रों को शिक्षक पद पर समायोजन हेतु विशेष टीईटी प्रक्रिया में शामिल कर अवसर प्रदान करने, जिले में लंबित अंतर्जनपदीय एवं जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को उत्तराखंड मॉडल के अनुसार नियमितीकरण की प्रक्रिया अपनाने तथा महिला शिक्षामित्रों को महिला अध्यापकों की भांति सीसीएल (चाइल्ड केयर लीव) का लाभ दिए जाने की मांग शामिल रही।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षामित्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। सरकार से अपेक्षा है कि शिक्षामित्रों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय को राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किए जाने पर शिक्षामित्रों की ओर से उनका अभिनंदन एवं स्वागत भी किया गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।

