मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
मैहर जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झिन्ना में सरपंच कोमल चंद्र चौरसिया, तिलकधारी चौरसिया, मिठाई लाल चौरसिया, सुरेश कोल और राजेन्द्र कुशवाहा द्वारा आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी है।
अनशनकारियों का कहना है कि वे जनभागीदारी और जनसहयोग के माध्यम से झिन्ना पंचायत का समग्र विकास करना चाहते हैं। किंतु सांसद गणेश सिंह द्वारा पंचायत के विकास कार्यों में प्रशासनिक स्तर पर बाधा उत्पन्न की जा रही है। बताया गया कि सांसद के द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजकर विकास कार्य रोकने के निर्देश दिए गए।

इस संबंध में अनशनकारियों ने नायब तहसीलदार से लेकर आयुक्त रीवा, सचिवालय भोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मानवाधिकार आयोग दिल्ली तक पत्र भेजे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अनशनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आमरण अनशन (उपवास) जारी रहेगा।
इस मौके पर विधायक सिद्धार्थ सुखलाल कुशवाहा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचारियों की मौज है। भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। यहां तक कि लोकायुक्त आईजी भोपाल को पत्र लिखकर बताया जा रहा है कि भ्रष्टाचार नहीं हुआ, जबकि न्यायालय ने दोषी पाते हुए आरोपी को 5 वर्ष की सजा सुनाई है।”
उन्होंने आगे कहा कि “ऐसे भ्रष्टाचारी को शासन स्तर से अवैध रूप से लाभ पहुंचाया गया है। मैं इस मामले को उच्च स्तर पर उठाऊंगा और झिन्ना के विकास व भ्रष्टाचार के खिलाफ न्याय दिलाने का प्रयास करूंगा।”
