संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में स्थित जेके सीमेंट प्लांट में एक और दर्दनाक हादसा हुआ है। निर्माणाधीन दूसरी इकाई में काम कर रहे एक मजदूर की गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से श्रमिकों में भारी आक्रोश है और प्लांट के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। यह घटना मंगलवार सुबह लगभग 10-11 बजे की है। मृतक मजदूर हाजी बाबा कंस्ट्रक्शन का कर्मचारी था और पंजाब का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन इकाई में काम करते समय वह गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद, पन्ना जिले की नई एसपी निवेदिता नायडू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और घटना की पूरी जानकारी ली। सिमरिया थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जेके सीमेंट प्लांट के पीआरओ ने इस दुर्घटना का कारण मधुमक्खियों को बताया है। पहले भी हो चुके हैं हादसे यह पहली बार नहीं है जब जेके सीमेंट प्लांट में ऐसा कोई हादसा हुआ हो। इस साल 30 जनवरी 2025 को भी इसी यूनिट की छत गिर गई थी, जिसमें 4 मजदूरों की मौत हो गई थी और 20 से ज्यादा घायल हुए थे। उस घटना के बाद कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे और सागर कमिश्नर ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए थे।
उस जांच समिति में लोक निर्माण विभाग, श्रम विभाग और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी शामिल थे। हालांकि, अब तक न तो उस जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है और न ही किसी पर कोई कार्रवाई हुई है। इस नए हादसे ने एक बार फिर से प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस मामले की तहकीकात कर रही है। घटना के बाद से प्लांट के बाहर मजदूरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, और माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा

