अब्दुल वहीद काकर, धुले (महाराष्ट्र), NIT;
6 दिसंबर को अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस के 25 साल पूरे होने के पर हिंदू संगठनों ने शौर्य दिवस मनाया तो वहीं पर मुस्लिम संगठनों ने बाबरी विध्वंस की बरसी को काले दिवस के रूप में मनाया।
बजरंग दल तथा आर एस एस ने मंदिरों में विशेष महा आरती उतारी, भजन कीर्तन कर खुशी का इजहार किया तो वही मुस्लिम संगठनों ने काली पट्टी बांधकर बाबरी मस्जिद विध्वंस को इतिहास का काला दिन बता कर बाबरी विध्वंस कारियों के खिलाफ कारवाई किए जाने की मांग का ज्ञापन ज़िलाधिकारी को सौंपा है।
विश्व हिंदू परिषद द्वारा दोपहर में आगरा रोड स्थित राम मंदिर में महाआरती पूजा अर्चना भजन कीर्तन करते हुए शहर में शौर्य दिवस मनाया गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्री राम मंदिर में नागरिक उपस्थित थे। धुलिया ज़िला सरसंघचालक साहेब चंद जैन ने इस मौके पर महाआरती उतारी तथा युवाओं ने आतिशबाजी कर मिष्ठान वितरित किया। इस दौरान प्रशांत मोरणकर विश्व हिंदू परिषद ज़िला मंत्री, भरत देवले, अजय कासौदेकर आदि उपस्थित थे।
वहीं बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी काला दिवस के रूप में मुस्लिम संगठनों द्वारा शांतिपूर्ण ढंग सें काला दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान इंडियन मुस्लिम लीग, समाजवादी पार्टी तथा अन्य संगठनों ने ज़िला अधिकारी को ज्ञापन देकर बाबरी मस्जिद दोबारा उसी स्थान पर निर्माण कार्य करने की मांग की। वही मुस्लिम लीग ने कहा है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हो तथा देश में सामाजिक समरसता बनी रहे इसके लिए प्रयास करने की मांग की गई । ज़िला अधिकारी को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अकील अन्सारी, आलमगीर शेख, अमीन पटेल, ज़मील मंसुरी, गुड़डू काकर सिद्दीकी, कल्पना गंगवार ,डॉक्टर दीप, श्री नायक आदि ने दिया तो मुस्लिम लीग की ओर से ज्ञापन सलीम शाह,मुजीब कुरैशी, आरीफ मिर्जा, हाजी निसार अहमद, नईम मंसुरी आदि ने सौंपा।
