रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बडोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ लोकसभा निर्वाचन-2024 में मतदान का प्रतिशत बेहतर हो, इसके लिये 75 प्रतिशत से कम मतदान वाले विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा विशेष मतदाता जागरुकता प्रचार वाहन झाबुआ जिले के लिये भेजा गया है। मतदाता जागरुकता वाहन के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। मतदाता जागरुकता वाहन को कलेक्टर नेहा मीना और स्वीप के नोडल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर से रथ को हरी झण्डी दिखाकर 75% से कम मतदान वाले क्षेत्रों के लिये रवाना किया। ये रथ जिले की झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के लिये मतदान केन्द्रों पर पहुंचेंगे और लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने के लिये प्रेरित करेंगे। चिन्हित विधानसभा क्षेत्र में एक माह तक जागरुकता प्रचार वाहन के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। लघु फिल्म, स्लोगन, पोस्टर के माध्यम से मतदाताओं को मतदान का महत्व और लोकतंत्र में उनके वोट की कीमत के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री एस.एस.मुजाल्दा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सत्यनारायण दर्रो, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री हरिशंकर विश्व कर्मा, डीप्टी कलेक्टर श्रीमती रीतिका पाटीदार, जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
