मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

अपनी मेहनत और लगन के बल पर मुंबई की फिल्म नगरी में अपना एक एहम मक़ाम बनाने के बाद मां बाप की दुआओं से बुरहानपुर के युवा डायरेक्टर तबरेज़ ख़ान कामयाबी की मंजिल पर पहुंच रहे हैं। फिल्म अभिनेता शहज़ादा मोहम्मद आसिफ़ ख़ान और समाज सेविका श्रीमती रफ़त आसिफ़ खान के पुत्र, मुम्बई फिल्म इंडस्ट्री में बुरहानपुर के एक और सितारे शकील खान के भतीजे, भारत के ख्याति प्राप्त शायर डॉक्टर वासिफ यार और मॉडल फरहान आसिफ खान के भाई तबरेज़ खान को बालाजी टेलिफिल्म की महान प्रोड्यूसर एकता कपूर ने पिछले सीरियल मोलकी की डायरेक्शन से प्रभावित होकर एक और एहम जिम्मेदारी दी है।

बालाजी टेली फिल्म की संचालक एवं प्रोड्यूसर एकता कपूर ने उनकी आगामी वेब सीरियल ” 10 जून की रात ” को डायरेक्ट करने की जिम्मेदारी बुरहानपुर के युवा सपूत तबरेज खान को सौंपी है। इसकी शूटिंग 4 जनवरी से स्टार्ट हो गई है। इस फिल्म में मुख्य भूमिका प्रियंका चाहर चौधरी की रहेगी। वे कपूर खानदान के तुषार कपूर के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। आशा की जा रही है कि तबरेज़ खान की डायरेक्टरशिप में बनने वाली इस वेब सीरीज को अपार सफलता प्राप्त होगी। प्रशंसक प्रियंका और तुषार की जोड़ी को स्क्रीन पर देखने के लिए उत्साहित नज़र आ रहे हैं।

