संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने ज्येष्ठ भ्राता स्वर्गीय श्री देवेन्द्र सिंह तोमर की स्मृतियों को चिरस्थाई बनाए रखने के लिए स्वच्छता और हरियाली की ओर एक प्रेरणादाई कदम बढ़ाते हुए दूसरे दिन कम्युनिटी हाल से आनंद नगर (कांच मील) तक अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पेड़ों पर जमी धूल को वाटर कैनन के जरिए साफ किया तथा नागरिकों से कचरा डस्टबिन में डालने की अपील की। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने स्थानीय रहवासियों और प्रशासन के सहयोग से पाताली हनुमान मंदिर से कांच मील तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने का संदेश दिया, ताकि स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण बनाया जा सके। उन्होंने इस पहल में सभी से सहभागिता का आव्हान करते हुए कहा कि जब भी मुझ पर कोई संकट आया, आप सभी मेरे साथ चट्टान की तरह खड़े रहे। इसके लिए हृदय से आप सभी का आभारी हूं। लेकिन मेरी आप सभी से एक और अपील है कि उस अंतिम व्यक्ति के बारे में सोचें, जो दिन रात मेहनत करता है और जिसके पास अपने दु:खों को व्यक्त करने या रोने का भी समय नहीं है।

मेरे बड़े भाई की मृत्यु लंग्स इंफेक्शन (फेफड़ों के संक्रमण) के कारण हुई। मैं नहीं चाहता कि किसी और परिवार को ऐसा दर्द झेलना पड़े। यदि हम अपने बच्चों से, अपने माता-पिता से, अपने परिवार से सच्चा प्रेम करते हैं, तो हमें अपने और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए कदम उठाने होंगे। क्योंकि यह केवल पर्यावरण की नहीं, बल्कि हमारे जीवन की रक्षा का प्रश्न है। इसलिए आइए, मिलकर ग्वालियर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर बनाएं। आपके सहयोग से हमारा प्रदेश और देश भी हरा-भरा और स्वस्थ रहेगा। न केवल यह हमारी जिम्मेदारी है, बल्कि हमारे आने वाले कल का संकल्प भी है।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस दौरान दुकानदारों को डस्टबीन और पौधे लगाने के लिए गमले वितरित करते हुए सभी से आग्रह किया कि अपने माता-पिता के नाम एक पौधा जरुर लगाएं। ऊर्जा मंत्री ने नगर निगम और जिला प्रशासन व स्थानीय नागरिकों के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने का संकल्प लिया, ताकि स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण बनाया जा सके। ऊर्जा मंत्री के इस अभियान के दौरान पर जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

