रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:
झाबुआ जिले के मेघनगर स्थित मल्टी स्पेशलिटी जीवन ज्योति हॉस्पिटल में मोतियाबिंद से होने वाले अंधत्व के निवारण के लिए जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिला स्वास्थ्य समिति (अंधत्व) झाबुआ, जीवन ज्योति हेल्थ सर्विसेज मेघनगर एवं जीवन ज्योति अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में मार्च माह के दौरान प्रचार-प्रसार के लिए एक प्रचार वाहन रवाना किया गया।
इस प्रचार वाहन को कैथोलिक डायसिस झाबुआ के बिशप पीटर खराड़ी ने जीवन ज्योति अस्पताल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जीवन ज्योति अस्पताल के डायरेक्टर फादर थॉमस पी. ए. ने बताया कि मोतियाबिंद के कारण जिन महिला या पुरुषों की आंखों की रोशनी कम हो गई है या जिन्हें बिल्कुल दिखाई नहीं देता, ऐसे मरीज ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सीएचओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, कोटवार, तड़वी, पंच-सरपंच या सीधे जीवन ज्योति अस्पताल के नेत्र विभाग से संपर्क कर सकते हैं। पात्र मरीजों का उपचार निःशुल्क किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह उपचार शिविर 31 मार्च 2026 तक संचालित रहेगा। इसके बाद संबंधित ग्राम पंचायतों को अंधत्व मुक्त घोषित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. ईश्वर पाटीदार, डॉ. सारांश (नेत्र विभाग), फादर साजू, सहायक संचालक फादर नीलेश सिंगाड़िया, दीपक सहित अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।

