मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत खापा, स्वामी, पनारा, डुंगरिया, कोल्हिया सहित आसपास के कई गांवों में पिछले दो महीनों से वृद्धा पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हितग्राही भैयालाल आरसे के अनुसार मार्च और अप्रैल माह की पेंशन अब तक खातों में नहीं आई है, जबकि मई माह भी समाप्ति की ओर है।
वृद्धा पेंशन योजना के तहत मिलने वाली ₹600 की राशि पर निर्भर बुजुर्ग रोजाना बैंक और ग्राहक सेवा केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। महंगाई के इस दौर में पेंशन का समय पर न मिलना उनके लिए जीवन यापन को कठिन बना रहा है।
पेंशन हितग्राहियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उनकी पेंशन राशि समय पर हर महीने खातों में डाली जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी और आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
