ज़फ़र खान, अकोट/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:
पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, महंगाई, किसानों की समस्याओं तथा पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस कमेटी जलगांव द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। 29 मई को दोपहर 3 बजे चिलचिलाती धूप में कांग्रेस नेताओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आक्रामक आंदोलन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय पेट्रोल पंप पहुंचे और वहां कर्मचारियों को मेलोडी चॉकलेट वितरित कर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस कर्मियों तथा कलेक्टर कार्यालय में भी चॉकलेट बांटकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस कमेटी महाराष्ट्र के महासचिव एवं प्रवक्ता मुफ्ती मोहम्मद हारून नदवी ने अपने बुलंद अंदाज में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए “मोदी तेरी लूटमारी नहीं चलेगी” और “मोदी तेरी गुंडागर्दी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष जमील शेख, जिला अध्यक्ष धनंजय शिरीष चौधरी, अविनाश भालेराव, पूर्व अध्यक्ष श्याम तायड़े, मुक्तादिर देशमुख, मुजीब पटेल सहित जिले भर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आंदोलन में भाग लिया।
रावेर, यावल, फैजपुर, चिनावल, चोपड़ा, पाचोरा, भडगांव, चालीसगांव और शेन्दुरनी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जलगांव पहुंचे। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

