शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गोरखपुर के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव एवं निशिकांत चौधरी के नेतृत्व में परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल एएनएम संवर्ग की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गोरखपुर से मिला तथा उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत कराया कि एएनएम संवर्ग जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्तमान समय में विभागीय कार्यों के प्रति एएनएम कर्मियों में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण बना हुआ है। परिषद ने कहा कि एएनएम कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
परिषद द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से पटल एवं कार्यक्षेत्र परिवर्तन, टीबीआई प्रोत्साहन राशि के नियमित भुगतान तथा एनपीएस कटौती से संबंधित समस्याओं को उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जिन एएनएम कर्मियों की पटल अथवा कार्यक्षेत्र परिवर्तन की इच्छा नहीं है, उन्हें यथावत रखा जाए, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित न हो और कर्मचारियों में अनावश्यक असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो।
परिषद ने यह भी कहा कि एएनएम संवर्ग विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देता है, जिसके लिए शासन द्वारा टीबीआई प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। हालांकि जनपद में इसका भुगतान नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है। परिषद ने मांग की कि प्रोत्साहन राशि का माहवार भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
ज्ञापन में वर्ष 2023 बैच की एएनएम कर्मियों के खातों से अभी तक एनपीएस कटौती प्रारंभ न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। परिषद ने बताया कि इस संबंध में कई बार आवश्यक प्रपत्र जमा किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिषद ने शीघ्र एनपीएस कटौती प्रारंभ कराने की मांग की।
इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी से वार्ता करते हुए परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद के कई अस्पताल पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा कार्ड धारकों का उपचार करने में आनाकानी कर रहे हैं। साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरणों के निस्तारण में भी लगभग एक माह का समय लग रहा है। उन्होंने मांग की कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाए तथा अस्पतालों को निर्देशित किया जाए कि वे पात्र कर्मचारियों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एएनएम संवर्ग की सभी शिकायतों, पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत उपचार संबंधी समस्याओं तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लंबित मामलों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं विभागीय स्तर पर हल की जा सकती हैं, उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद सदैव कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी कर्मचारी हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
इस अवसर पर परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंडित श्याम नारायण शुक्ल, संरक्षक अशोक पांडेय, अनिल द्विवेदी, अनूप कुमार, राजेश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली तथा एएनएम संवर्ग की प्रतिनिधि निशांत चौधरी, नीलम यादव, मंजू राय, सीमा राय, प्रियंका, निशिकांति चौधरी, सुमन गौतम, शोभा चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

