विवेक जैन, ब्यूरो चीफ, बागपत (यूपी), NIT:

हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर बड़ौत नगर स्थित नगर पालिका परिषद में उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) बागपत द्वारा पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री केपी मलिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर गन्ना समिति मलकपुर के चेयरमैन अंकित वीर सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कुलप्रकाश तथा पूर्व प्रधान यशपाल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री केपी मलिक सहित अन्य वक्ताओं ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और पत्रकारों के कार्यों की सराहना की।
समारोह के दौरान उपस्थित पत्रकारों को उपजा की टी-शर्ट, सम्मान-पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। पत्रकारों ने संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों और भव्य आयोजन के लिए उपजा के जिलाध्यक्ष मनोज उज्ज्वल व उनकी पूरी टीम की सराहना की।
कार्यक्रम में सभी ने हिन्दी पत्रकारिता की लगभग 200 वर्षों पुरानी गौरवशाली परंपरा को याद करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार विश्व बंधु शास्त्री द्वारा किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, संगठन के महामंत्री अरुण राठी, कोषाध्यक्ष ओमदत्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

