रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

भीषण गर्मी को देखते हुए रोटरी क्लब ‘अपना’ मेघनगर द्वारा मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए स्थायी जल मंदिर (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया। यह जल मंदिर इंदौर के समाजसेवी स्वर्गीय ओम प्रकाश गुप्ता की स्मृति में श्रीमती शोभा देवी गुप्ता एवं नितेश गुप्ता (इंदौर) के सौजन्य से स्थापित किया गया है।
साईं चौराहा स्थित साईं मंदिर के पास बनाए गए इस जल मंदिर का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार विमल जैन, रवि सुराना, वेद प्रकाश बसेर एवं अन्य समाजसेवियों के करकमलों से किया गया। इस पहल का उद्देश्य राहगीरों को शुद्ध एवं शीतल जल उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब ‘अपना’ के अध्यक्ष गोविंद सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने विधिवत पूजन कर जल मंदिर का शुभारंभ किया।
संस्थापक अध्यक्ष भरत मिस्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर में अब तक पांच स्थायी प्याऊ स्थापित किए जा चुके हैं और यह छठा जल मंदिर है। साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी चार दिनों में गणेश मंदिर पर भी एक और प्याऊ का शुभारंभ किया जाएगा।
वरिष्ठ समाजसेवी रवि सुराना ने ईश्वर को स्मरण करते हुए जल मंदिर के सुचारू संचालन की कामना की और कहा कि रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों में सभी को मिलकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होने पर वे सदैव तत्पर रहेंगे।
रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष महेश प्रजापति एवं वरिष्ठ पत्रकार विमल जैन ने भी संस्था के कार्यों की सराहना की। विमल जैन ने कहा कि रोटरी क्लब के स्थायी प्रकल्प निरंतर संचालित रहते हैं, जो एक बड़ी विशेषता है, क्योंकि कई स्थानों पर उद्घाटन के बाद प्रकल्पों की उपेक्षा हो जाती है।
कार्यक्रम में प्रकाश पांचाल, धर्मेंद्र पाटीदार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भरत मिस्त्री ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रोटरी क्लब के सचिव कमलेश गरवाल ने व्यक्त किया।

