मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें “कॉकरोच जनता पार्टी” के नाम से फर्जी APK फाइल और संदिग्ध लिंक भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। जुन्नारदेव पुलिस ने इस संबंध में जनहित एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी APK फाइल भेज रहे हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड कर इंस्टॉल करता है, अपराधियों को उसके मोबाइल का एक्सेस मिल जाता है। इसके बाद वे बैंकिंग जानकारी, OTP, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य गोपनीय डेटा चुरा लेते हैं तथा पीड़ित से पैसों की मांग करने लगते हैं।
पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय स्रोतों से ही एप्लिकेशन इंस्टॉल करें। संदिग्ध मैसेज, लिंक या ऐप को तुरंत डिलीट करें और किसी भी परिस्थिति में OTP, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति किसी अजनबी को न दें। साथ ही मोबाइल में एंटी-वायरस और सुरक्षा अपडेट नियमित रूप से अपडेट रखें।
यदि किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है या संदिग्ध लिंक प्राप्त होता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल हैक होने की स्थिति में तुरंत डेटा बंद करें, *413 डायल कर कॉल फॉरवर्डिंग ऑफ करें और APK फाइल को अनइंस्टॉल करें। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
जुन्नारदेव पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जागरूक रहें और सुरक्षित रहें।

