अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

ऐतिहासिक नगर चुनार स्थित सुप्रसिद्ध हजरत बाबा कासिम सुलेमानी शाह की दरगाह पर गुरुवार को पांचवें और अंतिम मेले का भव्य आयोजन हुआ। होली के बाद पड़ने वाले पहले जुमेरात से शुरू हुए इस पारंपरिक साप्ताहिक मेले के समापन पर जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ी।

सुबह से ही अकीदतमंदों का दरगाह पर तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा की बारगाह में चादरपोशी कर मन्नतें मांगीं। इस दौरान विशेष दुआ का आयोजन किया गया, जिसमें देश में अमन, शांति, सौहार्द और भाईचारे की कामना की गई। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी, जिससे चुनार की गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर नगर के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष मंसूर अहमद ने दरगाह पहुंचकर मत्था टेका और क्षेत्र की खुशहाली की दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और प्रेम का संदेश देते हैं।
उल्लेखनीय है कि बाबा कासिम सुलेमानी शाह का यह मेला अपनी विशिष्ट परंपरा के लिए जाना जाता है। होली के बाद पहले जुमेरात से शुरू होकर लगातार पांच सप्ताह तक यह आयोजन चलता है। अंतिम दिन भारी भीड़ और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेला शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
मेले के दौरान स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवकों ने भीड़ नियंत्रण और जायरीनों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।

