मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल कनेश तथा एसडीओपी नेपानगर श्री निर्भय सिंह अलावा के मार्गदर्शन में बच्चों की सुरक्षा हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
(1) थाना कोतवाली क्षेत्र में एक बच्ची अनाबिया पिता अहमद (उम्र लगभग 4–5 वर्ष, निवासी बेरीमैदान) दीपावली पर्व पर गांधी चौक मार्केट में अपने परिवार से बिछड़ गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके परिवार की तलाश की और उसे उसकी नानी हसीना बी के सुपुर्द किया। इस कार्य में थाना प्रभारी सीताराम सोलंकी, पुलिस स्टाफ तथा पार्षद मुज्जू मीर और जावेद खान का सराहनीय योगदान रहा।
(2) इसी तरह, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार थाना शाहपुर की पैदल भ्रमण टीम ने शाहपुर बाजार में गुम हुए बालक विवेक पिता अर्जुन को तलाश कर सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को सौंपा। परिजनों ने पुलिस के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए खुशी-खुशी घर वापसी की। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा, उपनिरीक्षक अजय सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक शैलेश पाल तथा आरक्षक सुनील की प्रमुख भूमिका रही।

