अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

पुष्टिमार्ग संप्रदाय के प्रसिद्ध ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में आज अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भक्तों ने ठाकुर जी के भव्य दर्शन किए। मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी (एडवोकेट) ने बताया कि मंदिर के गोस्वामी श्री 108 डॉ. वागीश कुमार जी महाराज, तृतीय पीठाधीश्वर कांकरोली नरेश जी की आज्ञा अनुसार प्रातः 10:00 बजे गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।
मंदिर प्रांगण में भव्य गोवर्धन पर्वत की प्रतिकृति सजाई गई। ठाकुर जी के समक्ष मंदिर के मुखिया द्वारा दूध, दही, घी, शहद और बूरा से विधिवत गोवर्धन पूजा की गई। इसके पश्चात मंदिर के सभी मुखियाओं ने और बाद में मंदिर के समस्त स्टाफ ने परिक्रमा लगाई। मथुरा सहित देशभर से आए श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दर्शन कर दिव्य आनंद की अनुभूति प्राप्त की।

