मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत खापा स्थित स्वामी कन्हान स्टेडियम ग्राउंड में गुरुवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत 98 विवाह एवं 2 निकाह संपन्न हुए। सभी विवाह विधि-विधान के साथ आयोजित किए गए।

इस अवसर पर सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक सुनील उईके सहित कांग्रेस और बीजेपी के कई जनप्रतिनिधि एवं नेता कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रश्मि चौहान द्वारा संभाली गई।
कार्यक्रम में एसडीएम कामिनी ठाकुर, तहसीलदार ज्योति ठोके, नगर पालिका अधिकारी नेहा धुर्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस दौरान श्री भोलेनाथ सेवा समिति धार्मिक न्यास द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को रामायण एवं कुरान भेंट की गई।
वहीं विधायक सुनील उईके ने सरकार द्वारा निर्धारित 100 जोड़ों की सीमा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष एक ही मंडप में लगभग 2000 शादियां कराई गई थीं और सरकार को दोबारा ऐसे आयोजन करने चाहिए। विधायक के अनुसार सरकार की पाबंदियों के कारण लगभग 1500 हितग्राहियों को विवाह योजना का लाभ नहीं मिल सका, जो एक गंभीर विषय है। उन्होंने इस मुद्दे को सदन में उठाने की बात भी कही।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग का विशेष बल भी तैनात रहा।

