यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा ने अन्नपूर्णा रसोइयों का औचक निरीक्षण किया। संभागीय आयुक्त ने गुरुवार शाम सैंपऊ एवं तसीमों स्थित अन्नपूर्णा रसोई ग्रामीण का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोई की पाकशाला, भण्डार घर, टोकन काउंटर, साफ सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संभागीय आयुक्त ने निर्धारित मेन्यू के अनुरूप गुणवतापूर्ण भोजन तैयार करने एवं प्रत्येक लाभार्थी को निर्धारित मापदंड के अनुसार भोजन उपलब्ध करवाने हेतु संचालकों को निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन बोर्ड पर भोजन का मेन्यू लिखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह महत्वपूर्ण योजना गरीब, जरुरतमंद लोगों, दिहाड़ी मजदूरों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। संभागीय आयुक्त ने कहा कि लाभार्थी का फोटो स्कैनर से फोटो खींचकर समुचित टोकन प्रदान कर भोजन उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने रसोई संचालक को साफ सफाई रखने तथा भोजन में मिलिट यानि मोटे अनाज के प्रयोग हेतु निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण
संभागीय आयुक्त ने गुरूवार को आंगनवाड़ी केंद्र नरपुरा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र पर पोषाहार वितरण के बारे में जानकारी ली। आंगनवाडी केन्द्र पर विद्युत एवं पेयजल की व्यवस्था नहीं पाई गई। आंगनवाड़ी केन्द्र पर खिलौने उपयोग की स्थिति में नहीं पाये गये, वहीं केन्द्र पर चार्ट एवं प्री स्कूल सामग्री का डिस्प्ले नहीं था। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र पर सभी व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण करने एवं सभी प्रकार के वितरणों का नियमित इंद्राज रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र पर बच्चों के उपस्थिति रजिस्टर का भी जायजा लिया। इस मौके पर सीईओ जिला परिषद सुदर्शन सिंह तौमर, डीडी आईसीडीएस भूपेश गर्ग साथ रहे।

