वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

मैलानी जंक्शन के रेलवे स्वास्थ्य केंद्र एवं वन बीट मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल भीरा के सौजन्य से नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर रेलवे मनोरंजन संस्थान ऑडिटोरियम में लगाया गया। स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन लखनऊ से मैलानी निरीक्षण को पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक ने फीता काटकर किया। शिविर में मौजूद चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य शिविर में आए 425 मरीजों की निःशुल्क जांच कर उनको दवाइयां भी मुहैया कराई गई। शिविर में ब्लड शुगर और बॉडी चेकअप के अलावे ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, आंखों की जांचें सहित कई अन्य प्रकार की जांच की गई। मैलानी जंक्शन एवं मीटर गेज के रेल खंड पर निरीक्षण करने मैलानी जंक्शन पहुंचे डीआरएम आदित्य कुमार स्टेशन पर निरीक्षण कर स्वास्थ्य कैंप में पहुंचे और फीता काटकर कैंप का उद्घाटन किया। मैलानी पहुंचे डीआरएम का रेलवे यूनियन सहित स्वास्थ्य विभाग के लोगों द्वारा फूल भेंट कर उनका स्वागत किया गया। वहीं सपा नेता नरेश यादव द्वारा मैलानी से लखनऊ के मध्य ट्रेनों को बढ़ाने एवं उनका समय सही करने से संबंधित ज्ञापन डीआरएम को दिया।
इज्जत नगर मंडल बरेली से आए मुख्य चिकित्सा निदेशक बीएन चौधरी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बादशाह नगर डॉ अमरेंद्र कुमार ने कैंप में शामिल रेलवे अस्पताल के डॉक्टर एवं वन बीट हॉस्पिटल भीरा के डॉक्टरों सहित टीम में शामिल सभी लोगों का आभार प्रकट किया।
रेलवे अस्पताल के प्रभारी डॉ मोहम्मद लतीफ ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि सर्वप्रथम रेलवे का हर कर्मचारी रोगमुक्त रहे ताकि ये लोग रोग मुक्त होकर रेलसेवा में बेहतर योगदान दे सकें।
इस मौके पर डॉ कुश जुनेजा, डॉ अरविंद कुमार, डॉ अंजना वर्मा, फार्मासिस्ट बत्ती लाल मीणा, नर्सिंग अधीक्षक इकबाल हुसैन, वन बीट हॉस्पिटल के प्रबंधक राजदीप सिंह, जसवीर सिंह जोशी, अमित पाल, दुर्गेश गुप्ता मौजूद रहे।
