मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर मोबाइल झपटमारी मामले में आरोपी गिरफ्तार, 1.20 लाख का मुद्देमाल बरामद | New India Times

साबिर खान, वसई-विरार/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर वाहन से यात्रा कर रहे व्यक्ति का मोबाइल फोन जबरन छीनकर फरार होने वाले आरोपी को वालीव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:45 बजे शिकायतकर्ता अपने पिता के साथ मुंबई-अहमदाबाद हाईवे से गुजरात की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वसई पूर्व स्थित चिंचोटी ब्रिज के पास ब्रिज इंटरप्राइजेज दुकान के सामने उनकी आईफोन कंपनी की करीब 50 हजार रुपये कीमत की मोबाइल फोन पर अज्ञात आरोपी की नजर पड़ी। आरोपी काले रंग की यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल से आया और शिकायतकर्ता के हाथ से मोबाइल फोन जबरन छीनकर फरार हो गया।
इस संबंध में वालीव पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 688/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराध प्रकटीकरण पथक ने सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उस्मान खान मोहम्मद इशाक खान (32), निवासी आजाद नगर, नालासोपारा पूर्व, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 1.20 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ वालीव पुलिस थाने में इससे पहले भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर, सहायक पुलिस आयुक्त नितिन गीते, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रदीप केरकर तथा पुलिस निरीक्षक (अपराध) गोरक्षनाथ जाधव के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक सोपान पाटील, सहायक फौजदार शैलेश पाटील सहित पुलिसकर्मियों की टीम ने की।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.