राजस्थानी लोक संस्कृति और पारंपरिक गीतों पर आधारित एल्बम ‘मरूधरा री गाथा’ की मुहूर्त शूटिंग संपन्न | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, जयपुर (राजस्थान), NIT:

राजस्थानी लोक संस्कृति और पारंपरिक गीतों पर आधारित एल्बम ‘मरूधरा री गाथा’ की मुहूर्त शूटिंग संपन्न | New India Times

राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक गीतों एवं लोकधुनों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एल्बम ‘मरूधरा री गाथा’ की मुहूर्त शूटिंग गत दिवस संपन्न हुई। इस अवसर पर राजस्थान की लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से साकार किया गया।

मुख्य कलाकार के रूप में देवश्री के नेतृत्व में सभी प्रतिभागी कलाकारों ने उम्दा प्रस्तुतियां दीं। देवश्री कथक के जयपुर घराने की नृत्यांगना हैं। उन्होंने कथक की शिक्षा सुप्रसिद्ध कथक गुरु डॉ. ज्योति भारती गोस्वामी से प्राप्त की है। निर्देशक राहुल सूद द्वारा निर्देशित फिल्म ‘थोर’ में भी उन्होंने अभिनय किया है। इसके अलावा वह कई शॉर्ट फिल्मों में भी कार्य कर रही हैं।

श्री दीपक पंवार एवं श्री छवि जोशी के निर्देशन में सभी कलाकारों ने विभिन्न राजस्थानी लोकगीतों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। एल्बम ‘मरूधरा री गाथा’ में राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता, लोकसंगीत की मधुरता एवं पारंपरिक धुनों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जा रहा है।

एल्बम के अंतर्गत ‘केसरिया बालम’, ‘खम्मा घणी’, ‘रजवाड़ी पारंपरिक घूमर’, ‘काटो सालेशा’, ‘ओ राम सा पीर’ तथा ‘जय जय राजस्थान’ जैसे राजस्थानी गीतों को शामिल किया गया है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री राजकिशोर सक्सेना, पूर्व दूरदर्शन कार्यक्रम अधिकारी, लेखक एवं निर्देशक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर व्यापार संगठन के अध्यक्ष ललित सांचौर ने की। इस अवसर पर डॉ. राघव एवं फैशन डिजाइनर हंसा राठौड़ भी उपस्थित रहीं। एल्बम का फिल्मांकन श्री अमित ओझा द्वारा किया गया।

एल्बम ‘मरूधरा री गाथा’ का उद्देश्य राजस्थान के पारंपरिक लोकगीतों एवं लोकधुनों को नए मंच के माध्यम से प्रस्तुत करना तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। यह पहल राजस्थानी लोकसंगीत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.