अरशद आब्दी, ब्यूरो चीफ, झांसी (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार के निर्देशन पर विधानसभा सामान्य निर्वाचन- 2022 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग, प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लगातार क्षेत्र के ऐसे स्थानों पर जहां अवैध शराब निर्मित की जा रही है या अवैध शराब का भंडारण है वहां लगातार अभियान चलाकर जो कार्यवाही की जा रही है, उसमें निरंतरता बनाए रखें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुलिस व आबकारी विभाग अपने संपर्क सूत्रों को और बेहतर बनाते हुए मुखबिर की मदद से और अधिक से अधिक अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्यवाही करना सुनिश्चित करें, उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी दशा में अवैध शराब के वितरण और उसके परिवहन पर सख्त कार्यवाही करते हुए अवैध कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाई जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत यह जरूरी है कि जनपद में अवैध शराब/कच्ची शराब के निर्माण और परिवहन को सख्ती से रोका जाए,उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण में जहां भी कच्ची शराब का भंडारण पाया जाता है मौके पर उसे तत्काल नष्ट किया जाए।उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि अवैध शराब को लेकर कोई दुर्घटना घटित होती है तो संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में ऐसी औद्योगिक इकाइयां जो काफी समय से बंद पड़ी हुई हैं और वहां किसी भी प्रकार का उत्पादन नहीं हो रहा है इकाइयों का गहनता से निरीक्षण किया जाए ताकि वहां पर अवैध शराब निर्माण एवं भंडारण को रोका जा सके। उन्होंने जनपद की समस्त देशी-विदेशी लाइसेंसी दुकानों की भी नियमित चेकिंग किए जाने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि प्रतिदिन के स्टॉक और बिक्री को अवश्य चेक किया जाए। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग/आबकारी विभाग द्वारा दो दिवस में अवैध शराब निर्माण विक्की के दृष्टिगत कबूतरा डेरा गोरामछिया टाकोरी लक्ष्मणपुरा कंगना अशोकनगर सिद्धांत एवं अन्य संदिग्ध स्थलों पर दबिश दी गई, दबिश के दौरान मौके पर 410 लीटर अवैध कच्ची शराब पकड़ी गई तथा 4400 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया, तथा 05 अभियोग पंजीकृत किए हैं। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन पुलिस विभाग एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जनपद के औद्योगिक क्षेत्र में ने बंद औधोगिक इकाइयों की भी गहनता से जांच की। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने कहा कि प्रवर्तन अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण करें और ऐसे स्थान जहां अवैध शराब निर्मित किए जाने की संभावना है या भंडारण है। उन स्थानों पर दल बल के साथ दबिश देते हुए सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें, उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में निर्वाचन को शराब के द्वारा प्रभावित नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध शराब के निर्माण के अड्डों को नष्ट कर दिया जाए ताकि भविष्य में शराब निर्मित ना की जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन के दृष्टिगत मतगणना के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित होटल व ढाबों की भी लगातार चेकिंग की जाए ताकि अवैध शराब के कारोबार को रोका जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को अवैध शराब की बिक्री ना होने पाये के संबंध मे चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र भ्रमण में संवेदनशील होकर कार्य करें। मौके पर आबकारी निरीक्षक श्री राम अधार पाल, श्री शिशुपाल सिंह, श्री रामप्रकाश, आबकारी निरीक्षक सुश्री नीलम सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे.
