संदीप शुक्ला, भिंड (मप्र), NIT;
भिंड जिला के गोहद सिविल अस्पताल में घुसकर 5 आरोपियों ने डॉ. शैलेंद्र सिंह राठौर की डंडे से पिटाई कर दी। इस दौरान डॉ. राठौर को बचाने पहुंचे बीएमओ डॉ. आर विमलेश और साथी डॉक्टरों को आरोपियों ने धमकाया और गालियां भी दीं। इस मामले को लेकर पीड़ित डॉक्टर ने अपने ही साथी डॉक्टर पर पिटाई करवाने का आरोप लगाया है।
यह वारदात सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। लहार पुलिस ने डॉ. राठौर की शिकायत पर 3 नामजद और 2 अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया है। डॉक्टर ने वारदात के लिए अस्पताल में ही पदस्थ डॉ. विजय शर्मा पर आरोप लगाया और कहा कि आरोपियों से इनके संबंध हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है। लहार थाना प्रभारी विनय यादव ने मीडिया को बताया कि सिविल अस्पताल लहार में पदस्थ डॉ. शैलेंद्र सिंह राठौर ने शिकायती आवेद देकर बताया कि वह अस्पताल में बैठकर काम कर रहे थे कि इसी दौरान आरोपी सचिन तिवारी निवासी कटघरा, अमित दादौरिेया निवासी पोस्ट ऑफिस गली लहार, रवीन्द्र म्हाते और 2 अन्य आरोपी आए और गाली-गलौज करने लगे। डॉ. राठौर का कहना है उन्होंने रोका तो सचिन तिवारी ने डंडे से पीठ में वार किए और दूसरे आरोपियों ने भी मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीएमओ डॉ. आर विमलेश, डॉ. मनोज नागर, डॉ. केएन गुप्ता बचाने के लिए आए तो आरोपियों ने इन्हें भी धमकी और गालियां दीं। डॉ. राठौर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। डॉ. राठौर ने आरोप लगाया कि सिविल अस्पताल में पदस्थ डॉ विजय शर्मा ने वारदात कराई है। पुलिस ने इसका उल्लेख एफआईआर में किया है।
थाना प्रभारी कहना है बीएमओ डॉ. आर विमलेश ने एसपी को आवेदन देकर कहा था कि कुछ लोग जबरन एंबुलेंस खड़ी करते हैं, जिससे मरीजों को परेशानी होती है। शिकायत पर टीआई ने रविवार शाम को सचिन तिवारी को पकड़कर समझाया था, लेकिन सोमवार को सचिन ने साथियों के साथ आकर डॉक्टर से मारपीट की और बीएमओ को धमकाया है। टीआई का कहना है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
