मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हिरदागढ़ हरियागढ़ और आसपास के गांव पहुंचने हेतु शार्टकट मार्ग पर बने लोहा पुल को दुरुस्त कर सुगम आवागमन की व्यवस्था बनाने हेतु वेकोलि महाप्रबंधक अपने अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत हिरदागढ़ निरीक्षण पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्या सुनकर यथाशीघ्र निराकरण करने के लिए ग्रामीणों को आश्वस्त किया। हिरदागढ़ छिंदढाना हरियागढ ब्रजपुरा मांडई चौगान पहुंचने के लिए आमजन अक्सर इस कम दूरी वाले मार्ग से स्कूल कालेज के विधार्थी और ग्रामीणजन आवाजाही करते हैं। यह ग्रामीणों के लिए शॉर्टकट मार्ग है। गांव में कोई बीमार हो जाए तो इसी मार्ग से जुन्नारदेव अस्पताल लाते हैं, इस सड़क पर पैदल और दोपहिया चालक लंबा सफर तय करने से बचते हैं और वक्त भी कम लगता है। लेकिन कुछ समय से कन्हान नदी के ऊपर बने लोहा पुल के उचित रखरखाव नहीं हो पाने के कारण जर्जर हालत में आ गया किसी भी समय यहां दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। जिसे लेकर पंचायत ने वेकोलि के अधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत कराया। क्षेत्रीय विधायक सुनील उईके ने ग्राम पंचायत की समस्या को देखते हुए महाप्रबंधक से चर्चा कर ग्रामीणों की इस परेशानी से निजात दिलाने की बात रखी गई। जिसपर वेकोलि जीएम सुशील कुमार शर्मा अधिकारियों दल के साथ उक्त लोहा पुल का निरीक्षण करने आज हिरदागढ़ पहुंचे जहां उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर शीघ्र ही समस्या का हल करने के लिए आश्वासन दिया. इस दौरान ग्राम की सरपंच और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
