अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल शहर के तीन थाना क्षेत्रों टीलाजमालपुरा, हनुमानगंज गौतम नगर में आज सुबह उस वक़्त लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया जब अचानक से कर्फ्यू लगा कर पुराने भोपाल के रास्तों को सील कर दिया गया।

दरअसल, हाल ही में हाईकोर्ट ने शहर के कबाड़खाना क्षेत्र में स्थित लगभग 30 हजार वर्गफीट भूमि के विवाद को लेकर संघ कार्यालय ‘केशव नीडम’ के पक्ष में फैसला दिया था। कोर्ट के फैसले के बाद ‘केशव नीडम’ के पदाधिकारी आज उक्त भूमि पर फेसिंग करने पहुंचे थे। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था संबंधी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति या विवाद उत्पन्न न हो इसलिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई। पुलिस ने विगत देर रात से ही यहां बैरिकेड्स लगाना शुरू कर दिए थे और इलाके के लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी जा रही थी और राह से गुजरने वाले लोगों को वापस लौटाया जा रहा था। इसके अलावा कलेक्टर और डीआईजी खुद खड़े होकर मॉनिटरिंग कर रहे थे। इन दोनों की निगरानी में बाउंड्रीवॉल बनाया जा रहा है। करीब 200 की संख्या में पुलिस जवान तैनात हैं। जिसमें जिला पुलिस बल और विशेष सुरक्षा बल तैनात हैं। प्लाट की तरफ जो दो रास्ते जाते हैं, दोनों को बंद कर दिया गया है। यहां से किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है। यहां तक कि मीडिया को भी प्रवेश नहीं है। सुरक्षा के मद्देनजर फायरबिग्रेड और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है और ट्रैफिक पुलिस जवान को भी लगाया गया है।
वहीं भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानीया का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से सामान्य, शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। लोगों को अफवाह फैलाने से बचना चाहिए। लवानिया ने कहा कि अभी कर्फ्यू लगा है। देर रात पुलिस प्रशासन से बात कर पूरी स्थिति का आंकलन करेंगे उसके बाद स्थिति को देखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा।
