लखनऊ के मोहनलालगंज में कंटेनर चालक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, घटना के चंद घंटे बाद दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार | New India Times

सद्दाम हुसैन, लखनऊ (यूपी), NIT:

लखनऊ के मोहनलालगंज में कंटेनर चालक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, घटना के चंद घंटे बाद दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार | New India Times

मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भवानी खेड़ा गांव में रविवार की शाम पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के बाद पड़ोसियों द्वारा पड़ोस में रहने वाले 27 वर्षीय कंटेनर चालक की कुल्हाड़ी से मार कर हत्या कर दी गई। सरे शाम गांव में हुई निर्मम हत्या की सूचना के बाद पहुंची मोहनलालगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और इस सनसनीखेज घटना में 2 महिलाओं सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के भवानी खेड़ा में रहने वाले मुख्तार अली का 27 वर्षीय बेटा मुश्ताक अली कंटेनर चलाता था। मुश्ताक की रविवार शाम करीब 7 बजे पड़ोस में रहने वाले गोलू और गुड्डू ने कुल्हाड़ी मारकर निर्मम हत्या कर दी। इंस्पेक्टर मोहनलाल गंज गऊदीन शुक्ला के अनुसार मुश्ताक और गोलू की बहन रेनू से रविवार की दोपहर कुछ वाद विवाद हुआ था, शाम को फिर दोनों के बीच वाद विवाद हुआ और इस दौरान गोलू और गुड्डू ने मुश्ताक पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। बुरी तरह से घायल कंटेनर चालक मुश्ताक को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि मुश्ताक अली की हत्या के मामले में पड़ोस में रहने वाली विमला उसके दो बेटे गोलू, गुड्डू और बेटी रेनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे छेड़खानी का विवाद नहीं बल्कि आपसी विवाद सामने आया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी कर आला कत्ल कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। मामूली सी बात को लेकर हुई मुश्ताक अली की हत्या की घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया, हालांकि पुलिस ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए हत्या की सनसनीखेज घटना के चंद घंटे बाद ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली। पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर द्वारा लखनऊ का चार्ज संभालने के बाद उनके कार्यकाल की ये दूसरी हत्या की घटना है। पहली हत्या की घटना हजरतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लाप्लास में एमएलसी अमित यादव के फ्लैट में हुई थी जहां बर्थडे पार्टी के दौरान राकेश रावत नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी हालांकि राकेश रावत हत्याकांड में भी पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और कल हुई हत्या के चार आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.