राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

प्लास्टिक से आमजन, पर्यावरण, पृथ्वी को होने वाले नुकसान को लेकर जागरुकता रैली, वर्कशॉप तो रोज हो रही हैं लेकिन मल्टीनेशनल विदेशी कंपनी की नौकरी छोड़कर एक युवा ने गांधी नगर से अपनी साइकिल यात्रा शुरू की और 6500 किमी साइकिल चलाकर मंगलवार को देवरी पहुंचा। इस जोशीले युवा का शहरवासियों ने वाचनलय में पर भव्य स्वागत किया। बता दें कि मुरैना का युवा बृजेश शर्मा टीसीएस कंपनी में जॉब करता था। लाखों रुपए के पैकेज की नौकरी उसने सिर्फ इसलिए छोड़ दी ताकि वह लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के नुकसान से बचा सके। उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गांधी नगर से अपनी साइकिल यात्रा शुरू की। इस युवा ने गांधी नगर से उदयपुर, श्रीधाम, अजमेर, पुष्कर, पुटली, जयपुर, हरियाणा, दिल्ली, मथुरा व आगरा होते हुए मुरैना तक की 6500 किमी का सफर तय करते हुए मंगलवार को देवरी पहुंचा। स्वागत करने वालो में मयंक चौरसिया नपा अध्यक्ष, दीपेश जैन मंडल अध्यक्ष, नीरज नामदेव, राजा गुप्ता, मनोज नामदेव, पत्रकार आदि उपस्थित रहे।
वहीं 6500 किमी की साइकिल यात्रा कर मंगलवार को देवरी पहुंचे युवा बृजेश शर्मा ने बताया कि आज पॉलीथिन सिर्फ हमारे या देश के लिए नहीं बल्कि दुनियाभर के लिए नुकसानदेह है। समुद्र तटों पर तेजी से बढ़ता प्लास्टिक कचरा जलीय जीव-जंतुओं के जीवन के लिए भी खतरा बन गया है। आज पृथ्वी पर तेजी से बढ़ता प्लास्टिक कचरा पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है।
