हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ, सीतापुर (यूपी), NIT:

आगामी लोकसभा निर्वाचन में वोट प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को शत प्रतिशत मतदान हेतु जागरूक किया गया। संकुल ढकेरा के प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर शाहपुर में मतदाता जागरूकता चौपाल एवं रैली का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी रणजीत कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन अनवर अली ने किया। मतदाता जागरूकता चौपाल में उपस्थित शिक्षकों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी रण जीत कुमार ने कहा कि आगामी लोकसभा निर्वाचन में हम सब का कर्तव्य है की हम सब स्वयं अपने मत का प्रयोग करें, और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि हम सब को इस बात का गर्व है, कि हम सब संसार के सबसे महान लोकतांत्रिक देश के निवासी हैं, और इसे मजबूती प्रदान करने के लिए प्रत्येक मतदाता को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम के संयोजक शिक्षक मोहम्मद अहमद अंसारी ने कहा, कि लोकतंत्र मैं मत का बहुत ही महत्व है, अमीर, गरीब, बड़ा, छोटा हर व्यक्ति के मत का बराबर महत्व है, इसलिए जब भी मतदान का अवसर आए तो सबसे पहले मतदान करें, बाद में दूसरे कार्य करें। हिंदी साहित्य परिषद के अध्यक्ष संतोष कुमार कश्यप ने शिक्षकों और समाज के जागरूक लोगों का आवाहन किया, कि वह अपने आसपास के लोगों को मतदान हेतु प्रेरित करें। कार्यक्रम को शिक्षक अनवर अली ने संबोधित करते हुए लोकतंत्र में वोट के महत्व की जानकारी दी, उन्होंने कहा कि हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, आज संसार के बहुत से देश लोकतंत्र के लिए संघर्ष कर रहे हैं, परंतु हम सब भाग्यशाली हैं कि हम भारत देश के निवासी हैं, जहां हर व्यक्ति का मत बराबर महत्व रखता है। कार्यक्रम को शिक्षक मुख्तार अंसारी, तुफैल अहमद, नीता सिंह, योगेश कुमार सिंह, अवनीश कुमार, रईस अहमद, अनुपम राही, ग्राम प्रधान आयशा आदि ने भी संबोधित किया। शिक्षक इसरार उल हक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। चौपाल के बाद गांव में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में छात्र छात्राएं मतदान को प्रेरित करने वाले झंडे, बैनर, तख्तियां लेकर ग्रामीणों को मतदान हेतु प्रेरित किया।
