मेघनगर में रोटरी क्लब के स्वास्थ्य शिविर में 213 मरीजों की जांच, 68 को मिले निःशुल्क चश्मे | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मेघनगर में रोटरी क्लब के स्वास्थ्य शिविर में 213 मरीजों की जांच, 68 को मिले निःशुल्क चश्मे | New India Times

वृद्ध दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब अपना मेघनगर के तत्वावधान में स्व. श्री ओमप्रकाश गुप्ता, इंदौर की स्मृति में उनके पुत्र नीतेश गुप्ता एवं गुप्ता परिवार के सौजन्य से विशाल निःशुल्क सर्व रोग स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ौदा के रिदम मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, जीवन ज्योति हॉस्पिटल मेघनगर एवं पडवाल हॉस्पिटल मेघनगर की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया।
शिविर का शुभारंभ अतिथि मनोहर चोरड़िया, रजत कावड़िया, देवेंद्र जैन, राहुल लोढ़ा, राकेश लोढ़ा, गौरव कोठारी एवं नवलसिंह नायक ने भगवान शंकर की पूजा-अर्चना कर किया। रोटरी क्लब के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद शर्मा, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. शैलेष पारीख, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल देसाई, न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. व्योम बुच, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु वैष्णव तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ईश्वर पाटीदार सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं फिजियोथैरेपी टीम ने सेवाएं दीं। मरीजों को आवश्यकतानुसार दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।
शिविर में कुल 213 मरीजों की जांच की गई तथा 574 ओपीडी दर्ज की गई। नेत्र परीक्षण के बाद 68 मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि 16 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चयनित मरीजों के ऑपरेशन जीवन ज्योति हॉस्पिटल मेघनगर में निःशुल्क किए जाएंगे। वहीं दो मरीजों के घुटना प्रत्यारोपण (नी रिप्लेसमेंट) के ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत रिदम हॉस्पिटल, बड़ौदा में निःशुल्क किए जाएंगे।
शिविर में आरबीएस, ईसीजी, बीपी एवं SpO₂ जैसी आवश्यक जांचें भी की गईं। आयुष्मान भारत योजना के पात्र मरीजों को हड्डी एवं हृदय रोग से संबंधित आवश्यक ऑपरेशन निःशुल्क कराने की सुविधा की जानकारी दी गई। जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनके उपचार एवं आवश्यक ऑपरेशन के लिए भी यथासंभव रियायती दर पर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किए जाने की बात कही गई।
दवाइयों की व्यवस्था गुप्ता परिवार, पंकज ललवानी एवं संजय मेरावत के सहयोग से की गई। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उनका रोटरी क्लब से पिछले 10-12 वर्षों से जुड़ाव है और क्लब के माध्यम से लगातार सेवा कार्यों में सहयोग करने का अवसर मिलता रहा है। रजत कावड़िया ने रोटरी क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना की।
शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों एवं स्टाफ का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। अतिथियों, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। शिविर सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला।
इस अवसर पर रोटरी क्लब अपना मेघनगर के अध्यक्ष कमलेश गरवाल, उपाध्यक्ष मांगीलाल नायक, पंकज रांका, गोविंद सिंह चौहान, महेंद्र सोलंकी, विनोद बाफना, शिविर संयोजक भरत मिस्त्री शर्मा सहित रोटरी क्लब के सदस्य एवं सहयोगी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.