पीयूष मिश्रा/अश्वनी मिश्रा की स्पेशल रिपोर्ट
सिवनी (मप्र), NIT;
“ना खाऊंगा ना खाने दूंगा, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस जुमले को भाजपा शासित नगर पालिका परिषद सिवनी के अध्यक्ष और पार्षद सहित प्रशासनिक अधिकारी और ठेकेदार की चौकड़ी खाओ और खाने दो जैसे जुमले को पूरा करने में लगे हुए हैं। पूरा मामला नगर पालिका परिषद के कबीर वार्ड स्थित बजरंग नगर कॉलोनी में पक्की नाली तोड़कर फिर से नाली निर्माण कराये जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार नगरपालिका सिवनी के कबीर वार्ड डूंडा सिवनी थाने के सामने बजरंग नगर कॉलोनी में पिछले 2 माह से कुछ वर्ष पूर्व नगर पालिका के द्वारा बनाई गई पक्की नाली को तोड़कर फिर से वही नाली निर्माण किया जा रहा है। यही नहीं जिस नाली को तोड़ कर नई नाली निर्माण कराया जा रहा है वह अत्यंत घटिया किस्म की और कम चौड़ाई तथा कम ऊंचाई की बनाई जा रही है जबकि इस वार्ड में बनी हुई जिस पक्की नाली को तोड़ा जा रहा है वह पूर्णता गुणवत्तायुक्त होने के साथ-साथ चौड़ी और ऊंचाई लिए हुए भी है।
कमीशनबाजी के लिए तोड़ो फोड़ो और फिर बनाओ का आरोप
नगरपालिका सिवनी के कबीर वार्ड डूंडा सिवनी थाने के सामने बजरंग नगर कॉलोनी में आखिर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष और पार्षद सहित प्रशासनिक अधिकारी और ठेकेदार पक्की नाली को तोड़ो फोड़ो और फिर बनाओ जैसे निर्माण कार्यों में ज्यादा ध्यान क्यों दे रहे हैं यह समझ से परे है। वार्ड वासियों का कहना तो यहां तक है कि कमीशनबाजी के चक्कर में यह सब गोलमाल चल रहा है। आम जनता के द्वारा दिए जा रहा टैक्स और शासन की भारी भरकम राशि का दुरुपयोग नगर पालिका परिषद सिवनी मैं बैठे हुए जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी कमीशनखोरी के चक्कर में कर रहे हैं, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है।
