संदीप शुक्ला, ग्वालियर/भिड (मप्र), NIT;
पुलिस महानिरीक्षक (चंबल) श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर चंबल रेंज में चलाया जा रहा धरपकड़ अभियान जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (भिंड) रुडोल्फ अल्वारेस के मार्गदर्शन में थाना (फूप) पुलिस टीआई विजय सिंह तोमर की टीम ने 6 साल से फरार चल रहे पांच-पांच हजार रुपये के इनामी 5 आरोपियो को इटावा एवं आगरा (यूपी) से गिरफ्तार किया है।
विदित रहे कि फूप थाने के अ.क्र. 33/12 व 34/12 धारा 307, 353, 332, 336, 337, 341, 186, 455, 147, 148, 149 आईपीसी में 6 साल से आरोपियों द्वारा तत्कालीन एडिशनल एसपी जयदेवन ए के गनमैन से एवं टीआई डीएस वैस व अन्य पुलिस कर्मियों पर भी जानलेवा हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई गई थी। उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक भिंड द्वारा पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसपी (भिंड) ने आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को पच्चीस हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
उपरोक्त कार्यवाही में (फूप) टीआई विजय सिंह तोमर व उनकी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही है।
