अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार पांचजन्य प्रेक्षागृह, डैम्पियर नगर, मथुरा में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
शिविर के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीब, वंचित, असहाय एवं जरूरतमंद वर्ग के कुल 285 लाभार्थियों को प्रदान किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
शिविर में जिला कारागार, मथुरा की ओर से विशेष स्टॉल भी लगाया गया। इसमें जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित पोशाकें, धोती, गमछा, हर्बल गुलाल सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम में अपर जिला जज डॉ. पल्लवी अग्रवाल, संतोष कुमार त्रिपाठी, राजेश पाराशर, अरविंद कुमार यादव, नीलम ढाका, अनुराग शर्मा, विद्या भूषण पाण्डेय, बृजेश कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेलवे सूर्यभान कुमार वर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह, अतिरिक्त न्यायालय के पीठासीन अधिकारी लाल बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र सहित अनेक न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा चिकित्सक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आमजन को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता से जोड़ने के उद्देश्य से इस मेगा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन राहुल अग्रवाल, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल, मथुरा ने किया।

