मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में मेगा/वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूकता सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने किया।

इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मेगा शिविर के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। शिविर में पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इस दौरान करीब 500 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाकर उनका समुचित सदुपयोग करें।
इस दौरान न्यायाधीश मोहम्मद रिजवान अहमद, तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव कुमार, तृतीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती ज्योति अग्रवाल, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह, न्यायिक अधिकारी, जेल अधीक्षक जेपी तिवारी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

