पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ धार पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर के मार्गदर्शन में जिले के चार थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के पौधे बरामद एवं चिह्नित किए गए। इस कार्रवाई में कुल 7,742.48 किलोग्राम यानी लगभग 77.42 क्विंटल गांजे के पौधों की बरामदगी की गई, जिनकी अनुमानित कीमत 25.45 करोड़ से 30.45 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना बाग क्षेत्र की डेहरी पुलिस चौकी के अंतर्गत कार्रवाई में 406.23 किलोग्राम गांजे के पौधे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 60.93 लाख रुपये है। इस मामले में दो आरोपी फरार हैं। वहीं, थाना मनावर क्षेत्र में ड्रोन सर्विलांस एवं सर्च अभियान के दौरान लगभग 6,700 किलोग्राम गांजे के पौधों की अवैध खेती का पता चला, जिसकी अनुमानित कीमत 25 से 30 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इसी प्रकार थाना मांडव क्षेत्र में 265 किलोग्राम गांजे के पौधे बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 39.75 लाख रुपये बताई गई है। यहां एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना गंधवानी क्षेत्र में 371.25 किलोग्राम गांजे के पौधे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 44.55 लाख रुपये है। इस मामले में एक आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, चारों थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन और कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
धार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि जिले में कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खेती या कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

