Edited by Sandeep Shukla;
भोपाल (मप्र), NIT;
अमृत मीणा, एआईजी पुलिस मुख्यालय भोपाल / महामंत्री मध्य प्रदेश मीणा समाज सेवा संगठन ने NIT संवाददाता को बताया कि “मध्य प्रदेश मीणा समाज सेवा संगठन” विगत 1980 से समाज को दशा और दिशा प्रदान करने हेतु लगातार प्रयासरत है। कतिपय कारणों से करीब 10 साल पहले प्रदेश में “मीणा समाज शक्ति संगठन” के नाम से युवाओं की एक नई इकाई का उदय हुआ था। यद्यपि दोनों ही संगठन अपने अपने तरीके से समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार प्रयासरत थे, किंतु अलग अलग प्लेटफॉर्म पर काम करने के कारण हम लोग अपनी पूरी क्षमता एवं सामर्थ्य का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे।
विगत कुछ वर्षों से हमारे मन में इस बात की पीड़ा थी तथा यह कोशिश की जा रही थी कि जब दोनों संगठन एक ही मकसद से काम कर रहे हैं तो क्यों ना मिलकर एक साथ काम करें। हमें खुशी है कि आदरणीय श्री लालाराम मीणा जी एवं श्री भीम सिंह मीणा जी दोनों ने ही अपने उदार हृदय एवं व्यापक दृष्टिकोण का परिचय देते हुए एक साथ एक मंच पर आकर जनहित एवं समाज के उत्थान और विकास के लिए कार्य करने का निश्चय किया, इसके लिए मैं दोनों संगठन के सभी पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मुझे आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास भी है कि मध्यप्रदेश में अब भविष्य में समाज का कोई दूसरा संगठन खड़ा नहीं होगा।
मीणा समाज सेवा संगठन का एक स्वर्णिम इतिहास है। यह संगठन विगत करीब 38 साल से लगातार समाज को जागरूक करने एवं एकजुट रहने के लिए प्रेरित कर रहा है। आज संगठन प्रदेश अध्यक्ष श्री लालाराम मीना जी के नेतृत्व में अपने सर्वोच्च शिखर पर है। दूसरे समाज के लोग भी हमसे प्रेरणा एवं मार्गदर्शन लेने लगे हैं। संगठन की कमान एक ऐसे व्यक्ति के हाथ में है जो करीब 25 साल से समाज की सेवा में समर्पित है तथा सहज एवं सरल हृदय के व्यक्ति हैं और पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। दूसरे श्री भीम सिंह मीना जी हैं जो युवाओं के प्रेरणा स्रोत होकर नए-नए तरीकों के साथ नवाचार करने में सक्षम हैं। अतः हम सब को मिलकर उनके नेतृत्व में समाज को अग्रिम पंक्ति में लाने हेतु अपनी पूरी क्षमता एवं सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मित्रों हमारे बीच मत भिन्नता हो सकती है परंतु मन भिन्नता नहीं होना चाहिए। हमारे समाज का एक गौरवशाली इतिहास रहा है, परंतु अभी हमें अग्रिम पंक्ति में आने के लिए बहुत संघर्ष करना होगा, इसके लिए संगठन ने कुछ मापदंड तय किए हैं, जिनका पालन करना हम सभी के लिए आवश्यक है। मैं यह नहीं कहता कि संगठन के बगैर समाज नहीं चल सकता, परंतु यह निर्विवाद सत्य है कि जिस तरह परिवार को चलाने के लिए हम सबसे सीनियर एवं अनुभवी व्यक्ति को मुखिया मानते हैं, उसी प्रकार समाज को भी चलाने के लिए एक अनुभवी तथा व्यापक दृष्टिकोण वाले मुखिया की जरूरत पढ़ती है, जो समाज की जरूरतों के मुताबिक अपनी बात उचित स्थान एवं समय पर शासन व प्रशासन के समक्ष रख सके। आइए आप और हम सब मिलकर इस संगठन को मजबूत करें तथा स्वयं को समाज की सेवा में समर्पित कर दें।
इन्हीं शुभकामनाओं के साथ आपका:
अमृत मीणा, एआईजी पुलिस मुख्यालय भोपाल / महामंत्री मध्य प्रदेश मीणा समाज सेवा संगठन।
