सद्दाम हुसैन, लखनऊ, NIT;

ट्रैफिक पुलिस ने लखनऊ के हजरतगंज इलाके में बेहोश पडे एक बुजुर्ग को घर पहुंचाने में मदद कर इंसानियत की मिसाल कायम की।
मिली जानकारी के मुताबिक लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक बुजुर्ग शुक्रवार दोपहर एसबीआई की मुख्य शाखा से पेंशन के 2800 रुपये निकाले और मोती महल लॉन के पास गश खाकर सड़क पर गिर गए। ट्रैफिक पुलिस के एसआई ने भीड़ देखकर माजरा समझा। जेब से मिली पासबुक के आधार पर जानकारी जुटाई और बुजुर्ग को घर पहुंचाया। पुलिस के इस कार्य के लिए एसबीआई के अधिकारियों व बुजुर्ग के परिवारीजनों ने पुलिस की सराहना की है। टीएसआई अनिल सिंह ने NIT संवाददाता को बताया कि वह अपनी टीम लेकर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेने निकले थे कि मोती महल लॉन के पास भीड़ देखकर माजरा समझने पहुंचे। सड़क पर बेहोश पड़े बुजुर्ग को लोग नशे में समझ रहे थे। उनके पैर में चप्पल नहीं थी। चेहरे पर पानी डालकर होश में लाने का प्रयास किया और जेब में एसबीआई की पासबुक व 2800 रुपये के अलावा कुछ नहीं था। बुजुर्ग को कुर्सी पर बैठाकर परिवारीजनों के बारे में जानने की कोशिश की। मानसिक स्थित ठीक नजर न आने पर बैंक में तहकीकात की। बुजुर्ग की पहचान ठाकुरगंज के पुराना तोपखाना बालागंज निवासी मनीराम के रूप में हुई, वह कई साल पहले एसबीआई से सेवानिवृत्त हुए थे। पेंशन खाते से 2800 रुपये निकालकर घर जा रहे थे। बैंक खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बंद होने पर टीएसआई ने बैंक के एक कर्मचारी की मदद से बुजुर्ग को गाड़ी में बैठाकर उनके घर पहुंचाया। पता चला कि सुबह घर से निकले मनीराम के न लौटने पर परिवारीजन तलाश कर रहे थे।
