पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को लेकर ग्राम स्तरीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जनपद पंचायत उमरबन के सभाकक्ष में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का आयोजन क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र, इंदौर तथा जिला पंचायत के निर्देशानुसार किया गया। इसमें शासन की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तथा 16वें वित्त आयोग के नवीन दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर्स ने ग्राम पंचायत स्तर पर करारोपण, ग्राम स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। साथ ही ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम के समग्र विकास में इन योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की भूमिका तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मचारियों को जानकारी दी गई। ग्राम सभा में जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मचारियों की भूमिका पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित पचोरी एवं मास्टर ब्लॉक समन्वयक श्री नंदराम डावर ने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों पर जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

